डहरपुर खुर्द गांव में मलबा हटाते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : BADAUN
दातागंज (बदायूं)। बारिश के दौरान रविवार को दातागंज में पांच मकान भरभराकर ढह गए। एक मकान में दबकर दो पशुओं की मौत हो गई। जबकि लाखों रुपये का घरेलू सामान दब गया। लोगों ने मिलकर मलबे में दबा सामान बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
कोतवाली क्षेत्र के डहरपुर खुर्द में चार मकान ढहे। ग्रामीणों के मुताबिक रविवार सुबह बारिश के दौरान कालीचरन वाल्मीकि का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। उसमें उनके दो पशु दब गए। उस समय परिवार का कोई व्यक्ति मकान में नहीं था। वह दूसरी जगह बैठे थे। हादसे को देखकर लोग दौड़ पड़े। उन्होंने जब तक घर का मलबा हटाया, तब तक दो पशुओं की मौत हो गई। इसके अलावा कुछ सामान भी दब गया। उनके अलावा गांव के जफीर, अनवर और शकील के भी कच्चे मकान गिर गए। उनमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है लेकिन घरों का सारा सामान मकान के मलबे में दब गया।
सूचना पर ग्रामीण पहुंचे, मलबा हटाया और घरों का सामान निकाला। अधिकतर सामान क्षतिग्रस्त हो गया। परिवारवालों ने सूचना राजस्व विभाग को दे दी है। इधर, कोतवाली क्षेत्र के गांव नौनी टिकन्ना निवासी चेतराम कश्यप का मकान रविवार दोपहर के समय गिर गया। हादसे के दौरान परिवार के लोग उस मकान में ही बैठे थे लेकिन मकान गिरता देखकर भाग खड़े हुए। इससे वे बाल-बाल बच गए। संवाद