उझानी में स्टेशन रोड पर पाइप लाइन फटने से सड़क पर बहता पानी। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। रसोई गैस उपभोक्ताओं के घरों तक अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाने के काम ने फिलहाल पेयजल सप्लाई पर ग्रहण लगा दिया है। उपभोक्ताओं के लिए हालांकि आने वाले दिनों में रसोई गैस सिलिंडर को लेकर दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा लेकिन मशीन की चपेट में आने से शुक्रवार शाम स्टेशन रोड पर पेयजल सप्लाई की पाइप लाइन टूट गई। ऐसे में देर रात तक सड़कों पर पानी बहता रहा।
नगर में रसोई गैस पाइप लाइन बिछाने का काम दो महीने पहले पंजाबी कॉलोनी में शुरू हुआ। एक पेट्रोलियम कंपनी के कारिंदों की देखरेख में कॉलोनी में गैस लाइन बिछा दी गई तो श्रीनारायणगंज मोहल्ले के मिल कंपाउंड का नंबर आया।
मिल कंपाउंड में भी पिछले दिनों पांच-छह स्थानों पर पाइप लाइन कटी। इसी क्रम में शुक्रवार शाम स्टेशन रोड पर पाइप लाइन कटी तो पेट्रोलियम कंपनी के इंजीनियर भी आ गए। इससे पहले करीब तीन घंटों तक सड़क पर पानी बहता रहा। बाद में पालिका के नलकूप से सप्लाई बंद होने के बाद शनिवार सुबह पेयजल का क्षतिग्रस्त पाइप ठीक किया गया।
पालिका के जलकल प्रभारी नफीस अहमद ने बताया कि रसोई गैस की लाइन की चपेट में जहां भी पेयजल सप्लाई के पाइप आते हैं, उन्हें पेट्रोलियम कंपनी के इंजीनियर ठीक करते हैं।
-
बारिश का पानी भरा तो गड्ढों में धंस गई मिट्टी
रसोई गैस की अंडरग्राउंड लाइन के पाइप मशीन के जरिये डालने से पहले पेट्रोलियम कंपनी के मजदूर गड्ढे खोदते हैं। सीमेंटेड और इंटरलॉकिंग सड़क भी उन्हें तोड़नी पड़ती है। पिछले दिनों में जहां भी गड्ढे खोदे गए, पाइप लाइन डालने के बाद उनके ऊपर इंटरलॉकिंग नहीं की गई है। दो दिन बारिश होने पर गड्ढों में मिट्टी धंस गई है। गड्ढे फिर से गहरे हो जाने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। हादसा होने की आशंका भी बनी हुई है।
-
रसोई गैस की अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के लिए एक पेट्रोलियम कंपनी से अनुबंध किया है। अनुबंध के तहत कंपनी की ओर से ही गड्ढों को भरकर सड़क पूर्व की स्थिति में करनी है। जहां भी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होगी, उसे भी वही तत्काल ठीक करेंगे। ऐसा नहीं करने पर पालिका उनकी अनुबंध धनराशि जब्त कर लेगी। स्टेशन रोड पर समस्या आई था जिसका निस्तारण कर दिया गया।
- जेपी यादव, ईओ