बदायूं। कलक्ट्रेट में किसान सहकारी चीनी मिल की प्रशासक / डीएम दीपा रंजन की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने चीनी मिल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गन्ना सर्वे समय से और सही ढंग से कराने के लिए चीनी मिल जीएम व ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक को निर्देश दिए। कहा कि इस कार्य में किसानों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। शेखूपुर चीनी मिल के जीएम राजीव रस्तोगी ने बताया कि सप्लाई किए गए गन्ने में दो फरवरी 2022 तक का गन्ना मूल्य भुगतान हो चुका है। हालांकि 18 करोड़ का भुगतान अभी शेष है। डीएम ने शेष भुगतान के लिए अधिक से अधिक चीनी बेचने के निर्देश दिए।
डीएम ने चीनी उत्पादन की लागत को कम करने के लिए ब्राउन शुगर बनाने के लिए विचार किए जाने के लिए कहा।
-
बॉयलिंग हाउस के जीर्णोद्धार के लिए 15 लाख का प्रस्ताव हो चुका पास
डीएम को बताया गया कि 29 अप्रैल को हुई बजट बैठक के दौरान चीनी मिल से करीब एक लाख क्विंटल बी-हेवी शीरे का उत्पादन कर कायमगंज आसवनी इकाई को भेजना है, वहां पर इथेनॉल उत्पादन किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य में बॉयलिंग हाउस के जीर्णोद्धार की जरूरत है। इस कार्य पर करीब 15 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे चीनी मिल को लगभग 70 लाख रुपये का मुनाफा होगा।