नेकपुर में मंदिर के पास फैला पड़ा कूड़ा। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर में सफाई व्यवस्था का हाल किसी से छिपा नहीं है। यह हाल अन्य और भी कई जिलों का है। इसको ध्यान में रखते हुए शासन स्तर से सफाई कार्य के समय में परिवर्तन किया गया हैं। नए आदेश के तहत अब सुबह पांच बजे से नौ बजे तक सफाई अभियान चलाया जाएगा, वहीं दोपहर बाद तीन बजे से शाम पांच बजे तक सफाई का काम होगा। नगर पालिकाध्यक्ष ने लोगों से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की है।
बदायूं शहर की बात करें तो यहां पर सफाई व्यवस्था बेहद ही खराब है। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य जिलों का भी है। भाजपा वैसे तो स्वच्छता अभियान को काफी वरीयता देती है लेकिन भाजपा की पालिकाध्यक्ष समेत पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री के कार्यकाल में भी लोग गंदगी की समस्या को झेलते रहे और अब भी झेल रहे हैं। इसको लेकर अब शासन स्तर से सफाई कार्य के समय में परिवर्तन करके समस्या को दूर करने की कवायद की जा रही है।
पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल ने बताया कि अब दो शिफ्टों में शहर में सफाई कर्मचारी काम करेंगे। इसके तहत पहली शिफ्ट सुबह पांच से नौ बजे तक की होगी, वहीं दोपहर बाद तीन बजे से पांच बजे तक सफाई की जाएगी। पालिकाध्यक्ष ने लोगों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग निर्धारित जगहों पर समय से कूड़ा डालें, ताकि सफाई कर्मचारी उसे उठाकर ले जाएं। इससे सफाई व्यवस्था शहर में बेहतर बनी रहे। अगर कहीं पर सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचता है तो इसकी शिकायत वार्ड सदस्य या पालिका में करें। ऐसे में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गंदगी के विरोध में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिल्सी। भारतीय किसान यूनियन (भानु संगठन) के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के गांवों में गंदगी के कारण लगातार फैल रहे संक्रामक रोगों की रोकथाम को लेकर एसडीएम विजय कुमार मिश्र को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि गांवों में नियमित सफाई न होने के कारण मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसकी वजह से संक्रामक रोग फैल रहे हैं। इसलिए प्रशासन को चाहिए कि वह क्षेत्र के गांवों में अभियान चलाकर सफाई कराए। इस मौके पर यूनियन के अनूप कुमार सिंह, प्रदेश संयोजक सतपाल सिंह, भारत सिंह, प्रेम सिंह, प्रदीप चौहान आदि पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद