बदायूं। शहर में छह सड़का से गांधी ग्राउंड के बीच सुपर मार्केट में बिना बरसात के जलभराव है। जिससे राहगीरों के साथ ही स्थानीय व्यापारियों को दिक्कत हो रही है। शिकायत करने के बाद भी पालिका प्रशासन ने इस ओर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी है।
इन दिनों शहर के हालात बेहद ही खराब है। नाले-नालियों की सफाई न होने से वे गंदगी से भरी पड़ी हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत खरीदारी करने आने वाले लोगों को होती है।
अगर गांधी ग्राउंड से छह सड़का को जाने वाले रोड पर बने सुपर मार्केट की बात करें तो यहां पिछले 15 दिनों से मुख्य सड़क पर जलभराव है। इसकी वजह से स्थानीय व्यापारियों के अलावा राहगीरों को दिक्कत हो रही है। इसको लेकर वे कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। मजबूरन व्यापारियों ने दुकानों के आगे ईंटें रखनी शुरू कर दी है ताकि ग्राहक उन ईंटो पर होकर दुकान पर आ सकें और खरीदारी कर सकें।
-
व्यापारियों ने कहा
सड़क पर पानी भरने से दिक्कत आ रही हैं। इससे कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। पानी भरे होने से पूरे मार्ग पर गंदगी रहती है। पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
- रजत
-
कई दिनों से यहां पर पानी भरा हुआ है। ग्राहक सामान लेने के लिए कम ही आते हैं। यदि पानी साफ हो जाए तो काम पहले की तरह से चलने लगेगा।
- दिनेश
-
तोताराम मार्केट में जलभराव की शिकायत मिली है। वहां नाला साफ कराकर पानी की निकासी कराई जाएगी। प्रतिदिन सफाई की भी व्यवस्था की जाएगी।
- अमित कुमार, प्रभारी ईओ/सिटी मजिस्ट्रेट