बदायूं। शहर में सीवर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट का काम दो चरणों में होगा। पहले चरण में 180 किलोमीटर की सीवर लाइन डाली लाएगी। शहर में मैकूलाल, नेकपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिम का हिस्सा कवर होगा। रेल लाइन के दूसरी ओर काम दूसरे चरण में होगा। पहले चरण में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट और पंपिंग सेट शेखूपुर रोड पर सोत नदी किनारे आसिम सिद्दीकी डिग्री कॉलेज के पास बनाया जाएगा। यहां तीन स्थान चयनित किए गए हैं। साथ ही शहर में तीन बड़े नालों का नक्शा भी तैयार कर लिया गया है। राजस्व विभाग ने अपना ज्यादातर काम पूरा कर लिया है।
शहर में सीवर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट की मांग काफी पुरानी है। शहर विधायक और नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता ने चुनावी वर्ष में सीवर लाइन के लिए शासन स्तर पर पैरवी चालू की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन से कई बार मुलाकात कर बदायूं शहर के लिए सीवर लाइन के लिए पैरवी की। पिछले महीने योगी आदित्यनाथ के सहसवान दौरे से पहले शासन स्तर पर सीवर लाइन के लिए लगभग हरी झंडी दे दी गई। 485 करोड़ की लागत से शहर में सीवर लाइन का काम कराने की जिम्मेदारी जल निगम शाहजहांपुर को दी गई। एक्सईएन जल निगम शाहजहांपुर सुनील यादव ने कई बार बदायूं का दौरा किया। असके बाद डीपीआर शासन को भेजा गया। डीपीआर शासन स्तर पर समिट होने के बाद काम में तेजी आई।
शहर में 180 किमी सीवर लाइन के साथ ट्रीटमेंट प्लांट और पंपिंग सेट के लिए 2.50 हेक्टेयर जमीन की जरूरत है। यह जमीन नगर पालिका को खरीदनी है। पहले चरण में शहर के पश्चिमी हिस्से को सीवर लाइन से कवर किया जाना है। दूसरे चरण में रेल क्रॉसिंग के उस पार का हिस्सा सीवर ट्रीटमेंट में शामिल किया जाएगा। उस ओर के हिस्से पर अब तक काम चालू नहीं हुआ है। लेखपाल सतेंद्र शाक्य का कहना है कि शहर में तीन बड़े नाले और शेखूपुर रोड पर सोत नदी किनारे तीन स्थान चयनित किए गए हैं।
10 करोड़ लीटर प्रतिदिन क्षमता का होगा ट्रीटमेंट प्लांट
शहर में 180 किलोमीटर की सीवर लाइन के लिए शेखूपुर रोड पर जो ट्रीटमेंट प्लांट और पंपिंग सेट बनाया जाना है उसकी क्षमता प्रतिदिन 10 करोड़ लीटर पानी को ट्रीट करने की होगी। शहर में नगर पालिका के ओवर हेड टैंक प्रतिदिन 15 करोड़ लीटर से ज्यादा पानी की सप्लाई करते हैं। यह पानी सोत नदी, चंदोखर तालाब में जाता है। प्रतिदिन करीब 10 करोड़ लीटर साफ पानी सोत नदी में जाने के बाद सोत नदी की स्थिति में भी सुधार होगा।
बदायूं में सीवर लाइन के लिए काम चल रहा है। राजस्व विभाग ने तीन बड़े नालों का नक्शा तैयार किया है। सात नदी किनारे शेखूपुर रोड पर जगह पर चयनित की गई है। नगर पालिका के स्तर से जमीन की खरीद की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि दिसंबर के अंत तक सीवर लाइन का काम चालू हो जाएगा। - सुनील कुमार, एक्सईएन जल निगम शाहजहांपुर