बदायूं। अंडरग्राउंड लाइन की खामियों से शहरवासी परेशान है। नेकपुर गली नंबर पांच में डबल फेस के कारण कई घरों में बिजली उपकरण फुंक गए। इसके बाद इलाके में करीब 20 घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। शहर के शहवाजपुर, जफर की कोठी, लोची नगला, कल्यानगर, नई सराय, नई बस्ती इलाकों में अंडरग्राउंड लाइन के कारण समस्या रही।
शहर के जिन इलाकों में अंडरग्राउंड केबल से बिजली सप्लाई दी जा रही है वहां के उपभोक्ता अलग-अलग समस्याओं से परेशान हैं। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी वहां की समस्याओं को कार्यदायी संस्थान राज कॉरपोरेशन लिमिटेड पर टाल देते हैं और कार्यदायी संस्था के लोग पावर कॉरपोरेशन पर। इन दोनों के झगड़ों के बीच उपभोक्ता पिस रहा है। शनिवार रात शहर के मोहल्ला नेकपुर की गली नंबर पांच में शनिवार रात करीब आठ बजे अंडरग्राउंड केबल में तकनीकी खराबी के कारण लाइनों में डबल फेस करंट दौड़ गया। इस कारण कई घरों में बिजली उपकरण फुंक गए। स्थानीय रवि कुमार ने बताया कि उन्होंने एसडीओ पनबड़िया को कई बार कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
मोहल्ले के अन्य लोगों ने भी पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को कॉल की। एसडीओ कोतवाली यश भारद्वाज, एसडीओ पनबड़िया नीरज गोवाड़ी समेत संबंधित जेई को कॉल की तो उन्होंने अंडरग्रांडन लाइन का मसला बता कर पल्ला झाड़ लिया। इस कारण मोहल्ले के लोगों को उपकरण फुंकने के साथ ही शनिवार रात आठ बजे से रविवार शाम करीब चार बजे तक लगातार 20 घंटे तक लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
आधे शहर में रोज गुल हो रही बिजली
अंडरग्राउंड लाइन के कारण शहर में जफा की कोठी, नई सराय, शहवाजपुर, कल्यान नगर, लोची नगला, नई बस्ती आदि इलाकों में रोज घंटों के हिसाब से बिजली गुल हो रही है। इस संबंध में उपभोक्ता अगर एसडीई कोतवाली यश भारद्वाज को कॉल करते हैं तो वह अंडरग्राउंड लाइन का मसला बनाकर टाल देते हैं। पावर कॉरपोरेशन और कार्यदायी संस्था के बीच खींचतान का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना होता है। एसडीई पनबड़िया नीरज गोवाड़ी उपभोक्ताओं से बात ही नहीं करते।
एसडीई व जेई ने अवगत कराया है कि अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट होने और इसको अटैंड करने में ज्यादा समय लग गया। इस कारण क्षेत्र के लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। इलाके में बिजली सप्लाई सुचारू कर दी गई है। जहां भी कमियां हैं उनको दूर किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की सभी समस्याओं को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। - प्रवेश कुमार, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड प्रथम