बदायूं। विकास भवन स्थित डीपीआरओ दफ्तर में सोमवार को ही नई डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने प्रभार लिया है। वह प्रभार देकर अवकाश पर चली गईं। अब प्रभारी एडीपीआरओ ने दफ्तर का ताला तोड़कर रिकार्ड खुर्दबुर्द करने का आरोप लगाकर कर्मचारियों से जवाब तलब किया है। इसके अलावा एक कर्मचारी पर एडीपीआरओ टेक्निकल ने अभद्रता का आरोप लगाकर शिकायत अफसरों से की है।
मंगलवार सुबह डीपीआरओ कार्यालय का ताला टूटने की खबर विकास भवन में फैल गई। प्रभारी डीपीआरओ नितिन को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से इसके बारे में जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन योजना तहत तैनात जिला कंसलटेंट अंजुम पटेल के कहने पर उन्होंने ताला तोड़ा है। इस पर प्रभारी डीपीआरओ ने अंजुम को नोटिस जारी करते हुए कहा कि स्पष्टीकरण न देने या संतोषजनक जवाब न देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बताया जाता है कि इसी क्रम में दोपहर के बाद कार्यालय में तैनात एडीपीआरओ टेक्निकल राजीव कुमार मौर्य और स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत तैनात जिला कंसलटेंट अंजुम पटेल के बीच विवाद हो गया। एडीपीआरओ का आरोप है कि अंजुम पटेल की ओर से उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। यहां मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसको लेकर एडीपीआरओ टेकिन्कल ने डीएम और एसएसपी से शिकायत की है। वहीं अंजुम पटेल ने एडीपीआरओ भी आरोप लगाया है।
-
अंजुम पटेल ने कार्यालय का ताला तुड़वाया है। ऐसे में अंजुम से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं दोपहर में मेरे जाने के बाद में कार्यालय में एडीपीआरओ टेक्निकल राजीव मौर्य और अंजुम में किसी बात लेकर कहासुनी हो गई। सारी जानकारी से अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
- नितिन, प्रभारी डीपीआरओ