बदायूं। सरकार के युवा मिशन कार्यक्रम के तहत नगर पालिका और नगर पंचायतों को अपने क्षेत्र में आने वाले किसी एक सार्वजनिक स्थल पर अपने खर्च पर वाई-फाई हाई स्पीड इंटरनेट सेवा शुरू करानी होगी। पहले चरण में सभी नगर पालिकाएं और नगर पंचायतें बस स्टैंड, मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन, सब रजिस्ट्री कार्यालय, तहसील, कचहरी कार्यालय आदि में से कम से कम एक स्थान पर अपने खर्च पर वाई-फाई सुविधा शुरू कराएंगी। जिला मुख्यालय की नगर पालिका को कम से कम दो स्थानों पर वाई-फाई सेवा शुरू करानी होगी।
प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे की ओर से मिशन युवा के तहत इस संबंध में सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के लिए आदेश जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है। नगर पालिकाओं और पंचायतों को एक सप्ताह के भीतर बताना होगा कि किस स्थान पर वाई-फाई सेवा शुरू की गई है और उस पर कितना व्यय आया है। जिले में सात नगर पालिकाएं और 15 नगर पंचायतें हैं। नगर पालिका बदायूं, दातागंज, सहसवान, बिल्सी और बिसौली में तहसील मुख्यालय भी हैं। प्रदेश सरकार ने आम लोगों तक सूचना और संचार की सुलभ पहुंच के लिए मिशन युवा के तहत सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों में मुफ्त हाई स्पीड वाई-फाई सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अपर मुख्य सचिव की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गया है कि नगर पालिकाएं और नगर पंचायतें वाई-फाई सेवा निकाय निधि या स्वयं के अन्य खर्च पर शुरू कराएंगी और इनका संचालन भी सुचारू करेंगी। सितंबर के अंत तक सभी नगर पालिकाओं ओर नगर निकायों को यह काम पूरा करना होगा।
-
अक्तूबर के पहले सप्ताह में किया जाएगा लोकार्पण
शासन स्तर से जारी आदेशों में साफ कहा गया है कि नगर पालिका और नगर पंचायतें एक सप्ताह के भीतर स्थान चयन कर उस पर आने वाले खर्च के बारे में शासन को अवगत करा दें। इसके बाद सितंबर के अंतिम सप्ताह में वाई-वाई सेवा का काम पूरा कर लें। अक्तूबर के पहले सप्ताह में सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में सार्वजनिक स्थानों पर हाई स्पीड मुफ्त वाई-फाई सेवा का लोकार्पण किया जाएगा।
-------------
शासन स्तर से नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त वाई-फाई सेवा शुरू कराने को कहा गया है। स्थानीय स्तर पर इसके लिए काम चालू कर दिया गया है। शासन के निर्देशानुसार सितंबर के अंतिम सप्ताह तक काम पूरा कर लिया जाएगा। इस संबंध में सभी निकायों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।
-ऋतु पुनिया, एडीएम प्रशासन