बिसौली। बिसौली से दबतोरी होकर बरेली जिले के सिरौली कस्बे को जोड़ने वाले रास्ते पर दबतोरी चौकी के पास शनिवार सुबह एक पेड़ गिरने से जाम लग गया। रास्ता बंद होने से करीब पांच घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पेड़ कटवाने के बार रास्ता साफ कराया। जाम के दौरान वाहनों में बैठे लोगों को खासी दिक्कत हुई।
बिसौली क्षेत्र में दबतोरी रोड पर शुक्रवार रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे शनिवार सुबह करीब पांच बजे दबतोरी चौकी से थोड़ी दूर देवस्थान के करीब बिसौली रोड पर शीशम का पेड़ गिर गया, जिससे पूरा रास्ता बंद हो गया। इस रोड से होकर ज्यादातर कार, टेंपो, जीप आदि वाहन चलते हैं। वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। आने जाने का रास्ता बंद होने से राहगीरों को काफी परेशानी हूई। इसी बीच कुछ राहगीरों ने पेड़ की टहनियों को तोड़कर अपने वाहन रोड किनारे से बमुश्किल निकाले। इसकी सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह बिसौली थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह मौके पर पहुंचे और पेड़ हटवाकर रास्ता खुलवा दिया। इस बीच दोनों ओर कई ई रिक्शा चलने लगे जो दूसरी साइड के लोगों को इस साइड के कस्बों व गांवों तक पहुंचा रहे थे।
बिसौली-दबतोरी रोड पर पेड़ गिरने की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर बिसौली टीम के साथ मौके पर गए। उन्होंने वन विभाग की टीम को बुलाया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पेड़ हटवाकर रास्ता साफ करा दिया। - विनय कुमार सिंह, सीओ बिसौली