बदायूं। शहर लगातार तीन घंटे बिजली गायब रहने से लोग परेशान हो उठे। नवादा में बृहस्पतिवार दोपहर 33 केवीए की लाइन टूट गई थी। बिजली कर्मियों को लाइन दुरुस्त करके सप्लाई चालू करने में करीब चार घंटे लग गए।
बुधवार को बारिश के कारण मौसम में ज्यादा उमस नहीं थी, लेकिन बृहस्पतिवार को बादल रहे और दिन में कुछ देर धूप खिली। शाम को कुछ बूंदाबांदी जरूरी हुई। इससे मौसम में उमस पैदा हो गई। गर्मी और उमस के बीच तीन घंटे बिजली कटौती ने लोगों को काफी परेशान किया। लाइन टूटने से दिन में चार से सात बजे तक पनबड़िया उपकेंद्र से जुड़े इलाकों के साथ शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली सप्लाई ठप रही। लगातार बूंदाबांदी से लाइन जोड़ने में समय लगा। इस बीच लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसडीओ पनबड़िया नीरज गोवाड़ी ने बताया कि 33 केवीए की लाइन टूटने से समस्या हुई थी। लाइन दुरुस्त कर सप्लाई चालू कर दी गई है।
एचटी लाइन टूटकर गिरी
बदायूं। दातागंज रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर एचटी लाइन टूट कर गिरने से एक ग्रामीण बाल-बाल बच गया। हालांकि, उसकी साइकिल जल गई। गनीमत रही कि हादसा नहीं हुआ। इस दौरान ढाक वाली ज्यारत और कार्यशाला उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में बिजली सप्लाई ठप रही।
मूसाझाग के गांव करौलिया निवासी बुजुर्ग त्रिवेणी सिंह साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दातागंज-बदायूं रोड पर एचटी लाइन टूटकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से वह बाल-बाल बच गए। 33 केवीए की इस लाइन से ढाक वाली ज्यारत के साथ कार्यशाला उपकेंद्र के लिए भी सप्लाई होती है। इन उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गए। सूचना पर पुलिस और पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एचटी लाइन की चपेट में आने से ग्रामीण की साइकिल जल गई।