-छह सड़का और चक्कर वाली सड़क पर भिड़े बसपा-सपा समर्थक
जिले की सदर विधानसभा सीट पर बुधवार को दोपहर मतदान के दौरान सपा और भाजपा समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए। शहर के इस्लामियां इंटर कालेज स्थित पोलिंग बूथ पर भाजपा समर्थकों का आरोप था कि सपा समर्थकों ने कई मतदाताओं को वोट डालने से रोका। इसी बात पर दोनों पार्टियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। बाद में मामले को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
बवाल की खबर पर सपा प्रत्याशी एवं सदर विधायक आबिद रजा और भाजपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक महेश गुप्ता भी वहां पहुंच गए। भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव कार्यालय पर भी पथराव करने का आरोप लगाया। दोपहर करीब पौने तीन बजे हुई इस घटना से इस्लामियां के पोलिंग स्टेशन पर आधा घंटे से ज्यादा देर तक मतदान बाधित रहा। बाद में पुलिस फोर्स ने मतदान की प्रक्रिया शुरू कराई। इसके बाद मतदान होने तक पोलिंग स्टेशन पर फोर्स तैनात कर दी गई।
शहर के छह सड़का पर हुई दूसरी घटना में बसपा और सपा समर्थक का विवाद मारपीट की नौबत तक पहुंच गया। यहां बसपा और सपा प्रत्याशियों के बिस्तर पड़े हुए थे। बसपा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह दद्दा के समर्थकों ने आरोप लगाया कि उनका बिस्तर सपा समर्थकों ने फेंक दिया। इस पर दोनों के समर्थकों में विवाद हुआ। बात आगे बढ़ती कि इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला रफा-दफा कराया। यहां भी मतदान होने तक पुलिस-फोर्स तैनात कर दी गई। तीसरी घटना शहर की चक्कर वाली सड़क पर हुई, जहां सपा और बसपा समर्थकों ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को बरगलाने का आरोप लगाकर नोकझोंक कर बैठे। यहां भी पुलिस मामले को संभाला।