बदायूं। ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह ने सेना के नायक और अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय की महिला लिपिक से लाखों रुपये की ठगी कर ली। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला लिपिक से 7.21 लाख और सैनिक से 37 हजार रुपये की ठगी की गई।
शहर कोतवाली के मोहल्ला वैदो टोला निवासी सना खान जिला अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ कार्यालय में सहायक कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने शादी के लिए रुपये एकत्र किए थे। सना का कहना है कि आठ नवंबर को ओएलएक्स से डेस्क टॉप बेचने के लिए अनिल कुमार नाम के व्यक्ति ने उसने मोबाइल कॉल पर संपर्क किया। उसने अपने नवीन सिंह तोमर नाम के साथी का आर्मी एकाउंट बताकर उसमें फोन पे और यूनो एसबीआई लाइफ से 21 से 25 नवंबर तक झांसा देकर 7.21 लाख 610 रुपये ठग लिए। सना ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक अन्य मामले में सेना में नायक के पद पर तैनात मूसाझाग थाने के गांव मोहम्मद नगर सुलरा शाहिद से ठगी की गई। शाहिद इन दिनों अवकाश पर गांव आए हुए हैं। आठ नवंबर को वह खरीदारी के लिए बदायूं आए थे। पुलिस लाइन के पास उन्होंने एसबीआई यूनो पर अपना एकाउंट बैलेंस जांचने की कोशिश की, लेकिन बैलेंस पता नहीं लगा। इस पर शाहिद ने कस्टमर केयर पर कॉल की। कस्टमर केयर ने तकनीकी समस्या के लिए खेद जताया। कुछ देर के बाद उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसने सीवीसी, क्रेडिट कार्ड नंबर और पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक बार 20 हजार और एक बार 17 हजार पांच सौ रुपये एकाउंट से निकाले जाने का मेसेज आया। शाहिद ने एसबीआई टिकटगंज पहुंचकर इसकी जानकारी दी। इस मामले में भी कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।