-विद्यावती कॉलेज के केंद्र पर परीक्षार्थी को गाइड से करा रहे थे नकल
यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान रुदायन के विद्यावती इंटर कॉलेज केंद्र पर गाइड से नकल कराई जा रही थी। इस मौके पर केंद्र व्यवस्थापक और दो कक्ष निरीक्षक मूकदर्शक बने थे। नायाब तहसीलदार और शिक्षा विभाग के सचल दस्ते ने संयुक्त कार्रवाई में नकल पकड़ ली। परीक्षार्थी के साथ केंद्र व्यवस्थापक और दोनों कक्ष निरीक्षकों को भी पुलिस हिरासत में दे दिया। सचल दस्ता प्रभारी की ओर से एफआईआर दर्ज करने के बाद थाने से चारों को जमानत दे दी गई।
शनिवार को सुबह की पाली में इंटर अर्थशास्त्र और हाईस्कूल के वाणिज्य विषय का प्रथम पेपर था। रुदायन के विद्यावती इंटर कॉलेज में सिर्फ इंटर अर्थशास्त्र के दो परीक्षार्थी ही पंजीकृत थे। जिसमें भी इनमें एक ही उपस्थित था। सुबह करीब पौने आठ बजे नायब तहसीलदार और दातागंज जीजीआईसी प्रिंसिपल सुरेंद्र पाल सिंह का सचल दस्ता निरीक्षण के लिए इस केंद्र पर पहुंचा तो परीक्षार्थी को गाइड से नकल करते पाया। सचल दस्ता प्रभारी की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षा रूम में लगे कक्ष निरीक्षक रामबहादुर सिंह और मनवीर सिंह तथा केंद्र व्यवस्थापक और प्रिंसिपल सुधीर कुमार की मौजूदगी में नकल हो रही थी इसलिए इन तीनों की संलिप्तता भी नकल में मानते हुए नायब तहसीलदार ने इस्लामनगर थाने से पुलिस बुलवा ली। परीक्षार्थी के साथ केंद्र व्यवस्थापक और दोनों कक्ष निरीक्षकों को पुलिस हिरासत में दे दिया गया। सचल दस्ता प्रभारी की तहरीर पर थाना पुलिस ने नकल विरोधी अध्यादेश के तहत चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शाम को पुलिस थाने से सभी को जमानत देदी गई।