कक्ष के बाहर परीक्षार्थियों के रोल नंबर की लिस्ट चस्पा करते कॉलेज स्टाफ। स्रोत कॉलेज
बदायूं। जिले में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं आज से शुरू होने जा रहीं हैं। इसको लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इस बार सीबीएसई की परीक्षाएं जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की निगरानी में केंद्रों पर सीटिंग प्लान, कक्ष आवंटन, परीक्षार्थियों की सूची, प्रवेश व्यवस्था और निगरानी से जुड़ी अन्य गतिविधियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त किया गया है। परीक्षा को नकलविहीन और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रत्येक केंद्र पर कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के साथ ही संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। परीक्षार्थियों की पहचान और समय पर प्रवेश करने के लिए गेट पर सख्त जांच की व्यवस्था रहेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से समन्वय बनाए रखने और किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें, प्रवेश पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। बोर्ड की ओर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।