बदायूं। एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज में आयोजित होने वाली दो दिवसीय महाविद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 18 और 19 फरवरी को प्रस्तावित प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समीक्षा बैठक हुई।
अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. आशीष कुमार सक्सेना ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने सभी संयोजकों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आयोजन समयबद्ध, सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाएं।
दो दिवसीय महाविद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता में लगभग 150 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे। जो 40 से अधिक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए अलग-अलग खेलों के अनुसार निर्णायक मंडल का गठन भी कर दिया गया है, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परिणाम घोषित किए जा सकें।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता के अंतिम दिन विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर व महाविद्यालयी प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में क्रीड़ा अधिकारी के साथ-साथ डॉ. संजीव सक्सेना, डॉ. प्रशांत कोहली, प्रो. शिवराज कुमार, प्रो. मनवीर सिंह, डॉ. बीएन शुक्ला, डॉ. संतोष कुमार सिंह, डॉ. विक्रांत उपाध्याय, डॉ. धर्मेश शर्मा, डॉ. आरबी पाठक, डॉ. सत्यम मिश्रा, डॉ. जीवन सारस्वत, डॉ. अक्षत आशीष आदि मौजूद रहे।