उझानी। गांव पीरनगर में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) शिवानी पर हमले के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले के पीछे पति की मौत के बाद उनके हिस्से की जमीन की रंजिश बताई गई है। आरोप है कि सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न की गई। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
शिवानी मूलत: हाथरस में आरपीएस कॉलोनी की निवासी हैं। घटना 29 सितंबर की है। शिवानी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह बीमार पड़ गईं। पति का पिछले साल निधन हो गया था। निधन से पहले शिवानी के पति ने 10 बीघा जमीन खरीदी थी। आरोप है कि ससुर प्रेमवीर सिंह और देवर निशांत उनके हिस्से की जमीन को हड़पना चाहते हैं।
परेशान करने के लिए उन पर कई बार दबाव भी डाला गया। इसी रंजिश में उन्हें रास्ते से हटाने का षडयंत्र भी रचा जा रहा है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवक स्वास्थ्य केंद्र पीरनगर में आ धमके। इनमें से एक युवक दरवाजे पर खड़ा रहा। दो अन्य युवकों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावर युवकों ने उन्हें जमीन लौटाने को कहा। केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी। हमले में शिवानी घायल हो गई थीं। पुलिस ने उसी दिन अपराह्न में शिवानी का मेडिकल परीक्षण भी कराया था। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि सीएचओ और उनकी ससुराल पक्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद का मामला है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।