तिलहर। ढाबे में घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल करने पर आपूर्ति विभाग ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आपूर्ति विभाग को सूचना मिली थी कि लखनऊ-दिल्ली हाईवे के किनारे धनेला गांव के पास ढाबे पर घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है। ढाबे का संचालन मोहल्ला दातागंज निवासी मनोज कुमार गुप्ता और नितगंजा मोहल्ले के प्रदीप गुप्ता साझेदारी में करते हैं।
शुक्रवार को पूर्ति विभाग की जांच में ढाबे में एक घरेलू गैस सिलिंडर इस्तेमाल होते मिला जबकि दूसरा रखा था। पूर्ति निरीक्षक मनीष यादव ने बताया कि आवश्यक दस्तावेजों की कमी और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने पर ढाबे के दोनों संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि आपूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। संवाद