बिसौली। रायपुर जंगन गांव में न्यायालय के स्थायी निषेधाज्ञा आदेश के बावजूद खेत में हस्तक्षेप और मेड़ काटने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने खेत पर चल रहा मेड़ कटान का काम रुकवा दिया है।
रायपुर जंगन निवासी श्यामबाबू ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनकी पैतृक भूमि पर न्यायालय ने स्थायी निषेधाज्ञा जारी कर विपक्षियों को उनके कब्जे में हस्तक्षेप करने से रोक रखा है। बावजूद इसके नेत्रपाल, यादराम, सुरेंद्र, सोबरन, हाबिर उर्फ भूरे, वरीश और नेपाल ट्रैक्टर से खेत की मेड़ काट रहे थे। आरोप है कि इस दौरान पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया। श्यामबाबू ने मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर काम रुकवा दिया। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।