बिनावर। षडयंत्र के तहत पहले पत्नी से कॉल कराके प्रेमी को बुलाया फिर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने घायल प्रेमी के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर महिला, उसके पति और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना बिनावर क्षेत्र के गांव सेमरमई निवासी पप्पू पुत्र जलालुद्दीन ने पुलिस को बताया कि उसके भाई आफिसर को एक महिला ने मंगलवार दोपहर करीब 12:00 बजे फोन करके बिनावर क्षेत्र के गांव विजय नगला बुलाया था। उधर, महिला अपने मायके गांव उसैता से ससुराल सेमर मई जाने की बात कहकर विजय नगला पहुंच गई थी।
पहले से ही पत्नी पर शक करने वाले महिला के पति और भाई ने आफिसर पर हमला बोल दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पप्पू ने बताया कि प्राइवेट एंबुलेंस से पुलिस ने ही उसके भाई को बरेली इलाज के लिए भेजा था। उसके भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल प्रेमी के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार की सुबह गंगा एक्सप्रेस-वे के पास थाने की पुलिस टीम ने महिला और उसके हमलावर पति तथा भाई को गिरफ्तार कर लिया। इधर, सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।