उझानी में मिनी औद्योगिक आस्थान का निरीक्षण करतीं उपायुक्त जैस्मिन। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। संजरपुर रोड पर बने मिनी औद्योगिक आस्थान (केंद्र) परिसर में गंदगी और जलभराव का मामला अंतत: डीएम दीपा रंजन के संज्ञान में पहुंच ही गया। मंगलवार दोपहर जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई तो व्यापारियों ने कहा कि परिसर में व्यापार करना तो दूर, कोई पैदल भी अंदर नहीं पहुंच सकता। इसके बाद जिला उद्योग केंद्र की उपायुक्त जैस्मिन ने बुधवार को परिसर का निरीक्षण किया तो उन्हें भी हकीकत से रूबरू होना पड़ा। परिसर में नाले का पानी भरा मिला। हैंडपंप का अधिकतर हिस्सा गंदे पानी के बीच डूबा नजर आया। व्यापारियों से वार्ता के बाद उन्होंने सड़कों का निर्माण और जलभराव की समस्या से जल्द ही निजात दिलाने का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त जैस्मिन ने मिनी औद्योगिक आस्थान के निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन व्यावसायिक भवनों की स्थिति को भी देखा। जेसीआई के सीनेटर सुधांशु गुप्ता ने व्यापारियों का पक्ष रखा। कहा- मिनी औद्योगिक आस्थान में व्यापार करने के लिए तो जोर दिया जाता है लेकिन परिसर में व्याप्त दिक्कतों का निदान नहीं किया जाता। पिछले साल भी विभागीय स्तर से जोर दिया गया लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया।
अरविंद कुमार, अतुल कुमार, गिरिराज शर्मा और अवनीश ने भी दिक्कतें बयां कीं।
इस पर उपायुक्त जैस्मिन ने उन्हें भरोसा दिलाया कि केंद्र परिसर में सड़क और बाउंड्री निर्माण के लिए वह शासन को प्रस्ताव भेजेंगी। बिजली व्यवस्था भी दुरुस्त होगी। नए पोल लगवाकर कनेक्शन दिए जाएंगे। यहां बता दें कि मिनी औद्योगिक आस्थान परिसर में नाले का पानी पहुंचता रहा है। सड़क और नालियों के अभाव में यह हमेशा भरा रहता है। कोई व्यक्ति पैदल भी अंदर नहीं पहुंच सकता।
-
आस्थान के पास शुरू हो चुका है नाले का निर्माण
संजरपुर रोड पर मिनी औद्योगिक आस्थान के पास तक काफी पहले ही नाला निर्माण हो चुका था। पिछले महीने नगर पालिका परिषद ने नगर के नाले के पानी को आगे तक पहुंचाने के लिए शेष भाग में भी नाला निर्माण शुरू करा दिया। ईओ जेपी यादव का कहना है कि अगले महीना तक नाले का निर्माण पूरा हो जाएगा।