बदायूं। रोडवेज बस स्टैंड पर भीषण गर्मी के बीच धूप से बचने के लिए यात्रियों को भटकना पड़ रहा है। रोडवेज बस स्टैंड का यात्री टिन शेड छोटा पड़ रहा है।
इन दिनों रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों का दबाव है। बड़ी संख्या में लोग यात्रा के लिए जा रहे हैं तो कई रूटों पर बसों की संख्या कम होने से दिक्कत आ रही है। ऐसे में दोपहर के समय यात्रियों को बसों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इधर पूरे परिसर में एक टिन शेड के अलावा धूप से बचने के लिए और कुछ भी नहीं है। परिसर में कोई वृक्ष भी नहीं है। ऐसे में यात्री धूप में खड़े होने को मजबूर हो रहे हैं।
बृहस्पतिवार को भी बदायूं-फर्रुखाबाद, बदायूं-दातागंज, बदायूं-कासगंज, बदायूं-चंदौसी रूटों पर यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
-
यात्री रहे परेशान, नहीं मिला संतोषजनक जवाब
जयपुर से अपनी बेटी के साथ आईं मधुबाला को बिसौली जाना था, लेकिन उन्हें बस ही नहीं मिली। चालक और परिचालक ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया। दो तीन दिन पहले रिश्तेदारी में चंदौसी से आईं बुजुर्ग मोरश्री देवी को वापस जाना था लेकिन कोई बस नहीं मिली।
-
बदायूं बस स्टैंड मॉडल डिपो के रूप में विकसित होना है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। यात्री शेड में यात्रियों को समस्या न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। अगर कहीं पर कोई कमी है तो उसे दूर कराया जाएगा।
-लक्ष्मण सिंह, एआरएम