बदायूं-शाहजहांपुर सीमा पर स्थित गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात करीब 8.40 बजे अनियंत्रित होकर स्कार्पियो कार के पलटने से भीषण हादसा हो गया। हादसे में कार सवार होटल कारोबारी व उनकी पुत्री की मौत की मौत हो गई जबकि अरविंद की पत्नी, बेटा व बहन और भांजी घायल हैं। हादसे में घायल हुए तीन लोगों को बरेली ले जाया गया है जबकि रुपाली को दातागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है। गंगा एक्सप्रेसवे की सेफ्टी टीम ने हादसे की जांच करते बताया कि चालक को नींद आने की वजह से कार पलटकर एक्सप्रेसवे के साइड किनारे जा गिरी थी।
हादसे में गंभीर घायल अरविंद द्विवेदी (48 साल) की बरेली ले जाते समय मौत हुई, जबकि उनकी बेटी आर्या द्विवेदी (15 साल) की मौके पर मौत हुई थी। हादसे में अरविंद की पत्नी रुपाली द्विवेदी 45 साल, बेटा उत्कर्ष और अरविंद की बहन सुनीता और सुनीता की बेटी कलश घायल हैं। इनमें से उत्कर्ष, सुनीता और कलश को बरेली के निजी अस्पताल ले जाया गया है।
ये सभी गांव झामदुबे पुरवा, थाना रौनाही, जिला अयोध्या के रहने वाले हैं। सभी स्कार्पियो कार से दिल्ली जा रहे थे। दिल्ली में होटल है। इनके दोनों जगहों पर कारोबार हैं। पति व बेटी की मौत से रुपाली की चीख पुकार से सीएचसी दातागंज की दीवारों का सन्नाटा टूट पड़ा। महिला अपनी सुध-बुध खो बैठी है।
इधर, गंगा एक्सप्रेसवे के सिक्योरिटी इन्सीडेंट मैनेजर दिनेश ने रात में फोन पर बताया कि मौके पर पहुंचकर सुरक्षा टीम ने जांच की जिसमें यह बात सामने आई है कि अनियंत्रित होकर स्कार्पियो कार नंबर यूपी33-एनवाई-1323 पलटी थी। हादसे के दौरान कार के पीछे एक निजी एंबुलेंस भी आ रही थी। उस निजी एंबुलेंस का चालक ही कार सवार तीन लोगों को लेकर दातागंज सीएचसी लेकर गया। जबकि एक निजी कार तीन घायलों को लेकर बरेली चली गई थी।
हादसा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 227 पर हुआ है। सूचना मिलने पर सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची थी। सुरक्षा टीम ने यह बताया कि गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को नींद आने की वजह से कार पलटकर एक्सप्रेसवे के साइड में जा गिरी थी। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं,दातागंज सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर हादसा होने की जानकारी मिली है। घटनास्थल गढि़या रंगीन थाना क्षेत्र का बताया गया है।