बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में गल्ला व्यापारी से हुई लूट मामले में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसओ सुरेश चंद्र गौतम, एक दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में गल्ला व्यापारी से हुई लूट की घटना में शामिल बदमाशों के संभल जिले में घुसने का अंदेशा जताते हुए, बदायूं जिले की पुलिस चंदौसी पहुंची। इस दौरान पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी के फुटेज को खंगालने में जुटी थी।
बदमाशों की तलाश में बदायूं पुलिस संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में इसलिए ज्यादा छानबीन कर रही, क्योंकि घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों ने जिस लाल रंग की अपाची बाइक (यूपी 38) को प्रयोग में लाया वह संभल जिले से पंजीकृत है। लूट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को इस बात की जानकारी पीड़ित व्यापारी ने दी, लेकिन वह बाइक पर अंकित पूरे नंबर को नही देख सका।