उझानी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खेत पर गई युवती का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की गई। यह देख युवती के भाई ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी। आरोपियों में एक ने हवाई फायर भी की।
घटना 28 जनवरी रात करीब आठ बजे की है। युवती के भाई के मुताबिक, उनकी 18 वर्षीय बहन अपने प्लॉट पर लकड़ी लेने गई तो पड़ोस के प्रमोद ने उसका हाथ पकड़ लिया। प्रमोद उसे खींचने लगा तो मौके पर मौजूद युवती के दूसरे भाई ने इसका विरोध किया। इससे गुस्साए प्रमोद ने अपने परिजनों को बुला लिया।
आरोपियों ने युवती के भाई की पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया। आरोपियों में से एक युवक ने अवैध असलहा से हवाई फायर भी कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई। बाद में आरोपियों ने दो और लोगों के साथ घायल युवक के घर पर हमला कर दिया। परिजनों से भी हाथापाई की गई। युवती के पिता समेत अन्य परिजनों को भी नहीं बख्शा गया। घायल युवक को उनके परिजन इलाज कराने के लिए बाहर ले गए। सेहत में सुधार होने पर लौटे युवती के भाई ने प्रमोद के अलावा उसके चाचा सर्वेश, चचेरे भाई दीपक, परिवारी राजू और नीरज को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तार के लिए तलाश शुरू कर दी है।
पथराव और मारपीट में किशोरी का हाथ टूटा
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव संजरपुर बालजीत में बृहस्पतिवार शाम कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोगों ने अजय चौहान के घर पर हमला कर दिया। दरवाजे पर खड़ी गृहस्वामी की 12 वर्षीय बेटी प्रीति के हाथ में डंडा मार दिया गया। इससे प्रीति का हाथ टूट गया। उसकी मां किरन के भी चोट आई है। अजय के घर पर पथराव भी किया गया। घायल किरन ने बताया कि उसके पति बाहर काम करते हैं। आरोपी नशे की हालत में दरवाजे पर अक्सर गाली- गलौज करने लगता है। पुलिस ने किरन और प्रीति का मेडिकल भी कराया है।