बिसौली। थाना क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर में रविवार की सुबह 21 वर्षीय युवक का शव खेत के पास एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस पहुंची, लेकिन परिजनों से पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया।
युवक शनिवार रात खेत पर काम करने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह खेत पर पहुंचे एक किसान ने उसका शव पेड़ से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर कोतवाल कमलेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।
सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों ने किसी से कोई रंजिश न होने की बात कही है। न ही कोई तहरीर दी है। साथ ही उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से भी इंकार कर दिया है, जिसके चलते विधिक प्रक्रिया के तहत पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की गई।