घायल अवस्था में ब्लैक बक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। दुर्लभ प्रजाति के घायल ब्लैक बक (काले हिरण) की इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई। गांव के लोगों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसके शव को दफन करा दिया। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। इससे यह साफ नहीं हो सका है कि ब्लैक बक कैसे घायल हुआ।
बिसौली वन रेंज में अरिल नदी के कटरी इलाके में काफी संख्या में दुर्लभ प्रजाति के ब्लैक बक पाए जाते हैं। फैजगंज बेहटा थाने के गांव राज टिकौली के जंगलों में रविवार तड़के ग्रामीणों ने एक ब्लैक बक को घायल देखा। इसके बारे में सूचना प्रधान को दी गई। इसके बाद गांव के लोग घायल ब्लैक बक को गांव के पंचायत भवन ले आए। ब्लैक बक के बारे में सूचना पशु चिकित्सालय को दी गई, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान ब्लैक बक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस बारे में सूचना वन विभाग को दी है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर ब्लैक बक के शव को दफन करा दिया है। ब्लैक बक कुत्तों के हमले में या फिर किसी वाहन की टक्कर से घायल हुआ यह साफ नहीं हो सका है। संवाद