बदायूं। जिले में आपात बिजली कटौती से कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। बिसौली के सपा विधायक आशुतोष मौर्य ने देर रात वहां उपकेंद्र में घुसकर संविदा एसएसओ से मारपीट कर दी। कर्मचारी का हाथ पकड़ते हुए उनका वीडियो वायरल होने से खासी फजीहत हुई । वहीं शुक्रवार दोपहर एसएसओ ने मारपीट, सरकारी काम में बाधा की रिपोर्ट लिखा दी।
इसके बाद बिसौली की सप्लाई बंद कर उपकेंद्र में कर्मचारियों ने धरना शुरू कर दिया है। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा वहां स्थिति देखने पहुंचे, वहीं विधायक सफाई दे रहे हैं कि उनसे अभद्रता और उनके ड्राइवर से मारपीट की गई थी। उन्होंने रात में ही मारपीट व एससी एक्ट की तहरीर दी पर पुलिस इनकार कर रही है।
करीब सप्ताह भर से जिले में बिजली संकट बना हुआ है। डीएम की फटकार के बाद भी सप्लाई नहीं सुधर रही। देहात में दो से तीन घंटे ही सप्लाई मिल रही है। ऐसे में बिसौली में बृहस्पतिवार आधी रात के बाद बिजली कटौती की वजह से हाई प्रोफाइल ड्रामा हो गया। रात करीब सवा बारह बजे विधायक आशुतोष मौर्य कुछ लोगों के साथ उपकेंद्र पहुंच गए। उन्होंने वहां मौजूद संविदा के एसएसओ अभिषेक मिश्रा से अभद्रता कर दी। कर्मचारी के हाथ मोड़ते हुए और मोबाइल बंद करने की बात कहते हुए विधायक का वीडियो वायरल हो रहा है। रात में हुए घटनाक्रम के बाद से ही बिजली कर्मचारियों में रोष था और सुबह दस बजे वह उपकेंद्र में धरने पर बैठ गए। फिर उनका धरना प्रदर्शन शाम तक चलता रहा। उन्हें समझाने की कोशिश चल रही है।
दोपहर बारह बजे एसएसओ अभिषेक मिश्रा की ओर से विधायक और एक अज्ञात के खिलाफ बिसौली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। कहा कि रात में विधायक ने आते ही उनसे नाम पूछा। जाति बताते ही अभद्रता शुरू कर दी। पहले तो विधायक ने झटके से कार का गेट खोला जो उसकी कमर में लगा। फिर वह जातिसूचक शब्द कहकर पीटने लगे। उसका हाथ मरोड़ दिया। दूसरे संविदा कर्मी प्रभुदयाल ने वीडियो बनाई तो विधायक ने मोबाइल बंद करने और उसे पकड़ने को कहा। रिपोर्ट में दर्ज कराया कि विधायक व उनके साथ आए लोग नशे में थे और जाते वक्त दस्तावेज व रोस्टर फाड़ गए। उन्होंने दहशत फैला दी जिससे वह डर गया। अधिकारियों को जानकारी देने के बाद ही रिपोर्ट लिखाने की हिम्मत जुटा सका जिसकी वजह से रिपोर्ट कराने में देर हुई।
इधर, विधायक ने आरोपों को गलत बताया है। वहीं, कर्मचारी तीन मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। दोपहर बारह बजे से बिसौली की सप्लाई भी काट दी है।
------------------------
विधायक बोले- मेरे ड्राइवर को पीटा, मुझसे अभद्रता की गई
- बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य ने बताया कि रात में कटौती से परेशान लोगों की शिकायत की तो उन्होंने जेई व एसडीई को कॉल की। नंबर ऑफ होने पर ड्राइवर को बुलाया और उपकेंद्र पहुंचे। उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए और ड्राइवर को कर्मचारियों ने पीटा। उन्होंने रात में ही तहरीर दी पर पुलिस ने इसे माना ही नहीं। ड्राइवर का मेडिकल परीक्षण भी प्राइवेट तौर पर करा रहे हैं। अधिकारियों से बात करेंगे।
- सपा विधायक आशुतोष मौर्य व उनके साथियों पर उपकेंद्र में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट का आरोप है। इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी मिले हैं। फिलहाल तहरीर के मुताबिक विधायक के खिलाफ रिपोर्ट लिखवा दी है। बिजली कर्मचारियों से बात कर रहे हैं। - सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात