अलापुर में हादसे के बाद घटना स्थल पर मौजूद पुलिस व लोग। संवाद
अलापुर। थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रूखाबाद हाईवे पर सखानू नगर पंचायत के सामने सोमवार शाम तेज रफ्तार प्राइवेट बस की चपेट में आकर बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। वहीं, उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने दंपती के शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं। पुलिस ने घायल बेटे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव गुरगांव निवासी भूपेंद्र (30) सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे रिश्तेदारी से वापस घर बाइक से लौट था। उसके साथ बाइक पर पिता चुन्नी लाल (60) और मां मार्गश्री (58) भी सवार थीं। इसी बीच अलापुर क्षेत्र के एमएफ हाईवे स्थित कस्बा सखानू के नगर पंचायत के सामने विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया।
जबरदस्त टक्कर लगने से तीनों लोग सिर के बल सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं, बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। खुद को घिरा देख चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची अलापुर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने मेडिकल परीक्षण में चुन्नी लाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उनके बेटा भूपेंद्र और पत्नी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान भूपेंद्र की मां मार्गश्री ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, भूपेंद्र को भर्ती कर लिया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने दंपती के शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं। दंपती की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने बस को थाने पर खड़ी करवाकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। अलापुर इंस्पेक्टर धनंजेय सिंह ने बताया कि प्राइवेट बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हुई है। उनका बेटा घायल है। मेडिकल कॉलेज में घायल का उपचार चल रहा है।