बदायूं। ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक संजीव मौर्य (19) की मौत हो गई। जबकि, उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव बसौमी निवासी संजीव मौर्य पुत्र विद्याराम शनिवार को अपनी मौसी को देखने के लिए दिल्ली जा रहा था। चाचा किशनपाल ने बताया कि संजीव की मौसी को कैंसर है और उनका दिल्ली में आपरेशन हुआ था। शनिवार की सुबह को वह दिल्ली जाने को तैयार हुआ तो भाई सोनू और पड़ोसी चाचा राजू बाइक से उसको बिलारी तक छोड़ने के लिए जा रहे थे। वह जैसे ही फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के भूड़ बिसौली के पास पहुंचे कि सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में संजीव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू व सोनू घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सीएचसी आसफपुर भेज दिया। यहां डॉक्टर ने संजीव को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसका भाई सोनू मौर्य व चाचा राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को चंदौसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेसीबी और कार की भिड़ंत में दो युवक घायल
उझानी। दिल्ली रोड पर शनिवार सुबह विपरीत दिशा से सड़क पर आई जेसीबी से कार भिड़ गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए।हादसा कुड़ानरसिंहपुर के पास हुआ। सहसवान से कार लेकर अपने घर उसहैत जा रहे साजिद (35) के साथ सहसवान निवासी सद्दाम (30) भी थे। रास्ते में मिट्टी खनन करके खेत की ओर से सड़क पर आई जेसीबी से कार भिड़ गई। इससे कार सवार साजिद और सद्दाम घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। संवाद