कुंवरगांव/बिनावर। कुंवरगांव थानाक्षेत्र के गांव हुसैनपुर में झोलाछाप की दुकान चलाने वाले भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पांच लोगों पर कोल्डड्रिंक में जहर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। युवक की मौत परिजनों में कोहराम मचा है।
बिनावर थानाक्षेत्र के गांव मुरावन गोटिया के मजरा रहमा निवासी इमरान (27) पुत्र दिलावर भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष थे। इसके साथ ही वह कुंवरगांव क्षेत्र गांव हुसैनपुर में झोलाछाप की दुकान चलाते थे। बुधवार को वह सिरोई गांव स्थित ससुराल गए थे। वहां से लौटते समय उसे एक ग्रामीण ने पौगोटिया बुलाया। आरोप है कि वहां विपक्ष के पांच लोग मिल गए। दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर समझौते की बात हुई। आरोप है कि इसी बीच विपक्ष के लोगों ने इमरान को जहर युक्त कोल्डड्रिंक पिला दिया। इसके बाद अभियुक्त वहां से चले गए। कुछ देर बाद इमरान की हालत बिगड़ गई।
उन्हें उल्टी दस्त शुरू हो गए। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। वह इमरान को लेकर जिला अस्पताल गए। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां डॉक्टर ने इमरान को मृत घोषित कर दिया। बहनोई नौशाद अली ने बताया कि इमरान की बिनावर क्षेत्र के गांव इकराम नगर गोटिया के एक रिश्तेदार से विवाद था। इसकी पंचायत कुंवरगांव क्षेत्र के गांव पड़ौलिया के रहने वाले एक रिश्तेदार ने कराई थी। परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कुंवरगांव पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह ने बताया कि तहरीर व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।