उझानी। कछला गंगाघाट पर आरती स्थल के पास पिछले दिनों कराई गई बैरिकेडिंग रविवार सुबह में हटवा दी गई। बैरिकेडिंग से दिक्कत बताते हुए कांवड़ियों ने अफसरों से शिकायत की थी।
गंगाघाट पर सड़क मार्ग के पुल पर प्रवेश करने से आरती स्थल तक सीढ़ीनुमा रास्ता है। श्रद्धालु भी इसी रास्ते से होकर घाट तक पहुंच जाते हैं, लेकिन तीन- चार दिन पहले पुलिस कर्मियों ने अव्यवस्था बताकर रास्ते पर बैरिकेडिंग करा दी थी। इसके बाद रास्ता बंद हो गया। गंगा आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को ज्यादा दूरी तय कर दूसरे रास्ते से आना पड़ रहा था। गंगा किनारे के दुकानदारों और कांवड़ियों ने शनिवार शाम डीएम और एसएसपी से इसकी शिकायत की थी। अफसरों को बताया गया कि बैरिकेडिंग बेवजह कराई गई है। इसके बाद अफसरों ने रात में ही बैरिकेडिंग हटा देने का आश्वासन दिया था। अब बैरिकेडिंग हटा दी गई है। संवाद