बरेली। आईडीए कैंट की ओर से एसआरएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज ग्राउंड में सोमवार शाम फ्लड लाइट की रोशनी में आईडीए कैंट क्रिकेट प्रीमियर लीग आयोजित हुई। बरेली रॉयल ने रश्मि गोयल हॉस्पिटल की टीम को 28 रन से हराया। डॉ. महेश त्रिपाठी मैन को ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पहले मुकाबले में टीम रश्मि गोयल हॉस्पिटल और टीम बरेली रॉयल के बीच भिड़ंत हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुए बरेली रॉयल ने 20 ओवर में 175 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रश्मि गोयल हॉस्पिटल की टीम 147 रन ही बना सकी, जिसके चलते बरेली रॉयल ने 28 रन से मुकाबले को जीत लिया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डॉ. महेश त्रिपाठी को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
लीग का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईएमए यूपी अध्यक्ष डॉ. रवीश अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि शिवेंद्र चौहान ने फीता काटकर किया। डॉ. रवीश अग्रवाल ने चिकित्सकों की व्यस्त दिनचर्या में खेल को महत्वपूर्ण बताया। कहा, ऐसे आयोजन आपसी समन्वय व खेल भावना को बढ़ाते हैं। वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. अनूप आर्य ने बताया कि प्रतियोगिता में आईडीए और आईएमए से जुड़े चिकित्सक प्रतिभाग कर रहे हैं।
पुरुष वर्ग के मुकाबले होंगे रोजाना
पुरुष वर्ग के मुकाबलों में चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनके बीच रोजाना रात में लीग मैच खेले जाएंगे। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रविवार को होंगे। इसी दिन महिलाओं और बच्चों की टीमों के मैच भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर आईडीए कैंट के अध्यक्ष डॉ. रुचिर कुमार, सचिव डॉ. सलिल बलदेव, कोषाध्यक्ष डॉ. आकांक्षा सिंह, डॉ. इला अरोरा, डॉ. दिनेश राय, आयोजन अध्यक्ष डॉ. नीरज चंद्र आदि चिकित्सक उपस्थित रहे।