भाजपा के जीतने पर जश्न मनाते कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले की सभी छह विधानसभा सीटों के चुनावी नतीजे देर शाम जारी हो गए। शहर में भाजपा के महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी में हरीश शाक्य और दातागंज में राजीव कुमार सिंह ने सपा प्रत्याशियों को शिकस्त देकर जीत दर्ज की तो सहसवान में सपा के ब्रजेश यादव, बिसौली में आशुतोष मौर्य, शेखूपुर में हिमांशु यादव ने भाजपा के प्रत्याशियों को हराया। बसपा ने दम दिखाया पर जीत के आंकड़े तक न पहुंच सकी तो कांग्रेस भी बेदम रही। रापद व निर्दलीय भी चुनावी समर में ढेर हो गए।
सदर सीट पर मौजूदा नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। उनके मुकाबले में सपा ने हाजी रईस अहमद को और बसपा ने ठाकुर राजेश कुमार सिंह को उतारा था। कांग्रेस ने रजनी सिंह पर दांव लगाया था। कांग्रेस और बसपा शुरुआती रुझान में ही दम तोड़ती नजर आई। सपा प्रत्याशी ने आखिर तक पीछा किया पर शुरू से बनी भाजपा की बढ़त को नहीं रोक सके और हार गए।
बिल्सी सीट पर भाजपा के हरीश शाक्य ने सपा महान दल गठबंधन के चंद्रप्रकाश मौर्य को हरा दिया। बसपा की ममता शाक्य यहां शुरुआती मुकाबले में ही पिछड़ गईं। कांग्रेस यहां भी काफी पीछे रही।
दातागंज में मौजूदा विधायक भाजपा के राजीव कुमार सिंह ने सपा के कैप्टन अर्जुन प्रताप सिंह को शिकस्त दी। शुरुआती दौर में अर्जुन को मजबूत माना जा रहा था पर राजीव ने जो बढ़त ली वह आखिर तक कम न हो सकी। यहां बसपा तीसरे और कांग्रेस चौथे नंबर पर रही।
इधर, सपा ने भी जिले में अपना पुराना दौर दिखाने की कोशिश कर तीन सीटें झटक लीं। सहसवान सीट पर मौजूदा विधायक ओमकार सिंह यादव के बेटे सपा के ब्रजेश यादव ने बसपा के मुसर्रत अली को हरा दिया। बसपा ने जिले में सर्वाधिक मजबूत प्रदर्शन यहां किया। भाजपा के डीके भारद्वाज तीसरे नंबर पर रहे। डीपी का ग्लैमर यहां नहीं चल सका और रापद प्रत्याशी उनके बेटे शुरुआती दौर में ही लड़खड़ा गए।
बिसौली में भाजपा के मौजूदा विधायक कुशाग्र सागर चुनाव हार गए। उन्हें चिर प्रतिद्वंद्वी सपा के आशुतोष मौर्य ने कुछ वोटों के अंतर से हरा दिया। यहां बसपा और कांग्रेस सुबह से ही मुकाबले से बाहर थीं। सर्वाधिक देर से इसी सीट का परिणाम जारी हुआ।
शेखूपुर सीट पर सपा प्रत्याशी हिमांशु यादव ने मौजूदा विधायक धर्मेंद्र शाक्य को कुछ हजार वोटों के अंतर से हरा दिया। यहां तीसरे नंबर पर बसपा के हाजी मुस्लिम खां रहे, उन्हें अच्छी संख्या में वोट मिले। कांग्रेस मुकाबले से बाहर दिखी। संवाद