शाम होने के साथ में मंडी समिति पहुंचने लगे प्रत्याशियों के समर्थक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। मंडी समिति में मंगलवार रात की तरह बुधवार शाम भी घुसने की कोशिश की गई। गैर भाजपाई दलों के कार्यकर्ताओं ने गेट पर अपने वाहन लगाकर आवागमन बंद कर दिया और खुद ही वाहनों को चेक करना शुरू कर दिया। रोकने पर उन्होंने अधिकारियों से अभद्रता कर दी। इस पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सभी को दौड़ा दिया। बिसौली एसडीएम के ड्राइवर की तहरीर पर एफआईआर दर्ज करा दी है।
बुधवार शाम बिसौली एसडीएम ज्योति शर्मा मंडी समिति के गेट नंबर एक पर तैनात थीं। उस दौरान थाना पुलिस भी मौजूद थी। बताते हैं कि इसी दौरान गैर भाजपाई दलों के तमाम कार्यकर्ता अपनी-अपनी गाड़ियों से मंडी समिति पहुंच गए। उन्होंने अपने वाहनों को गेट पर लगा दिया। मंडी समिति में आने-जाने का रास्ता ही बंद कर दिया। सभी कार्यकर्ता गाड़ियों से उधर उधर से गुजर रहे वाहनों को तलाशी लेने लगे। इससे मंडी गेट पर जाम की स्थिति बन गई। एसडीएम और पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता अधिकारियों से ही अभद्रता पर उतारू हो गए। तमाम कार्यकर्ताओं ने मोबाइल निकाल लिए और वीडियो बनाने शुरू कर दिए। साथ ही मंडी में घुसने की कोशिश की। इसकी सूचना पर एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तुुरंत भारी पुलिस बल को बुला लिया गया। उसके बाद पुलिस ने गेट पर मौजूद लोगों को डंडा फटकार कर दौड़ा दिया। इससे सभी कार्यकर्ता वहां भागते हुए नजर आए। इस मामले को देखते हुए बिसौली एसडीएम के ड्राइवर श्यामवीर ने तमाम लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
-
बुधवार शाम कुछ लोगों ने मंडी समिति में घुसने की कोशिश की। गाड़ियों को गेट पर लगा दिया और खुद ही वाहन चेक करने लगे। जब विरोध किया तो उल्टा उन पर ही आरोप लगाने लगे। हमने कहा कि चेकिंग करने के लिए पुलिस है। जब पुलिस पहुंची तब उन्हें हटाया गया। इसमें रिपोर्ट लिखाई है।
- ज्योति शर्मा, एसडीएम बिसौली