बिनावर। पालिया झंडा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे की कोशिश को ग्रामीणों ने पुलिस के सहयोग से रोक दिया है। मामला दो समुदायों के बीच होने के कारण तनाव की स्थिति बन गई थी, लेकिन समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात पर काबू पा लिया।
गांव के बीचों-बीच स्थित ग्राम सभा की जमीन पर कुआं और नल लगे हुए हैं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले साबिर, बबलू और नवाब समेत कुछ लोग वहां मिट्टी डालकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और उच्च अधिकारियों एवं थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विवादित स्थान पर कब्जा होने से रोका। दोनों पक्षों को समझाते हुए उन्होंने मामले का निस्तारण कराया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि एहतियातन एक पक्ष से 29 लोग और दूसरे पक्ष से 25 लोग मुचलका पाबंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।