बिसौली में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान में जेसीबी से सामान हटवाते हुए। संवाद
बिसौली। सावन के दूसरे सोमवार और शिवतेरस पर कांवड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने एमएफ हाईवे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे के कब्जे हटाए।
तहसील मोड़ से तिरंगा चौक तक चले अभियान में नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की सहायता से सड़क की पटरियों पर बने अस्थायी अड्डे, खोखे और अन्य कब्जे हटवा दिए। कई स्थानों पर रखे ठेले, बेंच और सामान को भी हटाकर मार्ग को खाली कराया गया। अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
एमएफ हाईवे पर आसफपुर मोड़, पिंदारा सब्जी मंडी रोड और दबतोरी मोड़ समेत कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या बनी रहती थी। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसडीएम प्रियंका गोयल और सीओ अंशुमन श्रीवास्तव के निर्देश पर अभियान चलाया गया। तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मोहम्मद हारिस, कोतवाल कमलेश मिश्रा, ईओ रवि कुमार सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।