राजकीय डिग्री कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्रोत कॉलेज
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को एनएसएस व कृष्णा सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में जिला स्तरीय भाषण, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। चित्रकला में अंशिका और भाषण में शगुन शर्मा और वाद-विवाद प्रतियोगिता में अनुष्का यादव प्रथम रहीं।
राजकीय महाविद्यालय में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विकसित भारत 2047 व विद्यार्थियों की भूमिका विषय पर राजकीय महाविद्यालय बदायूं की एमए राजनीति विज्ञान की शगुन शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय बिल्सी के कन्हैया द्वितीय और राजकीय महाविद्यालय बदायूं के कुणाल शर्मा तृतीय रहे।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन विषय पर हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय बदायूं की अनुष्का यादव प्रथम, इसी महाविद्यालय की सोनाक्षी गौतम द्वितीय और महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय बिल्सी की खुशी सोलंकी तृतीय रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय महिला महाविद्यालय बदायूं की अंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी महाविद्यालय की शिफा खान द्वितीय और महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय बिल्सी की खुशबू गौतम तृतीय रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने की। इस मौके पर डॉ. राकेश कुमार जायसवाल, डॉ. ज्योति बिश्नोई, डॉ. राशेदा खातून, डॉ. सरिता यादव आदि मौजूद रहीं।