उझानी (बदायूं)। पत्नी के मायके में रहने से गुस्साए युवक ने ससुराल पहुंचकर रास्ते में सास को घेर लिया। मारपीट और हंगामे के बाद वह सास के पेट में चाकू घोपकर भाग गया। यह देख मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह हत्थे नहीं आया। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर देर रात जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना मंगलवार शाम हुई। गंजशहीदा मोहल्ला निवासी मोहम्मद असलम ने बेटी शन्नो का निकाह करीब डेढ़ साल पहले नगर के ही अयोध्यागंज मोहल्ले के नाहिद के साथ किया था। चार दिन पहले शन्नो को उसकी मां तनवीर बेगम अपने साथ घर बुला ले गई। इसके दो दिन बाद नाहिद पत्नी को बुलाने के लिए ससुराल पहुंचा तो तनवीर ने दामाद पर बेजा हरकतें करने का आरोप लगाते हुए विदा करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से नाहिद ने सास को खरी-खोटी सुना दी। आरोप है कि नाहिद गंजशहीदा मोहल्ले में पहुंचा तो रास्ते में सास तनवीर मिल गईं। उसने सास से हाथापाई कर दी। बाद में वह सास तनवीर के पेट में चाकू घोपकर भाग गया।
मोहल्ले के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर नाहिद को पकड़ने का भी प्रयास किया लेकिन वह हत्थे नहीं आया। भनक लगते ही तनवीर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कॉल करके पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस ने घायल तनवीर से घटना के बारे में जानकारी कर उसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया। देर रात ही उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि घायल महिला के पति मोहम्मद असलम की तहरीर पर नाहिद के खिलाफ जानलेवा हमले की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।