बदायूं में फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव दांवरी में 65 वर्षीय प्रेमशंकर और उनकी 62 वर्षीय पत्नी भगवानदेई की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी गई। उनके शव अलग-अलग बंद मकान के अंदर पड़े मिले हैं। पुलिस के मुताबिक उनकी हत्या तीन दिन पहले हुई है। शनिवार शाम जब ज्यादा दुर्गंध फैली, तब ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने आकर मकानों के ताले तोड़े और उनके शव बाहर निकाले। पुलिस ने दंपती के बेटे रामपाल की तहरीर पर रामपाल के बेटे हेमेष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गांव दांवरी निवासी प्रेमशंकर और उनकी पत्नी भगवानदेई अलग-अलग मकान में अकेले रहते थे। उनके तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा रामपाल अपनी पत्नी बच्चों के साथ दिल्ली में रहता है। मझला बेटा गेंदनलाल गांव के एक अन्य व्यक्ति के मकान में और छोटा बेटा इंद्रपाल अपनी ससुराल में रहता है। पुलिस के मुताबिक 22 जून की शाम ग्रामीणों ने रामपाल के बेटे हेमेष को दोनों घरों में आते-जाते देखा था। वह गुरुवार तड़के बिना किसी से मिले दिल्ली चला गया। इधर, शनिवार शाम जब गांव में ज्यादा दुर्गंध फैली, तब इसकी पुलिस को सूचना दी गई।