बिसौली (बदायूं)। डेढ़ माह की बेटी को गोद में लेकर सड़क किनारे टहलने निकले युवक को ई-रिक्शा चालक ने टक्कर मार दी। इससे बच्ची गोद से उछलकर ई- रिक्शा के पहिए के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी सुरेंद्र और पड़ोसी के बच्चे सोमवार की सुबह पास के बाग में खेल रहे थे। उसी दौरान सुरेंद्र अपनी डेढ़ माह की बेटी आकांक्षा को गोद में लेकर सड़क किनारे टहलते हुए बाग से घर जा रहे थे। तभी गांव का उमेश पुत्र राम सोवरन तेज रफ्तार में ई-रिक्शा चलाते हुए सुरेंद्र को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सुरेंद्र के साथ चल रहे कुछ बच्चे बाल-बाल बच गए, लेकिन बच्ची गोद से उछलकर ई-रिक्शा के पहिए के नीचे आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ई-रिक्शा छोड़कर चालक भाग गया। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ताेमर का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहरीर के आधार पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।