बदायूं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) सत्यपाल का शासन ने तबादला कर दिया है। उनको पंचायती राज निदेशालय के अनुश्रवण प्रकोष्ठ से संबद्ध किया गया है। बताया जा रहा है कि एएमए ने एक मंत्री की मोबाइल कॉल रिसीव नहीं की थी। इसके बाद उनके स्थानांतरण की कार्रवाई की गई है। एमएए ने अभी बदायूं में चार्ज नहीं छोड़ा है। उनके स्थान पर किसी अन्य की तैनाती भी नहीं की गई है।
एएमए सत्यपाल को छह महीने में सेवानिवृत्त होना है। उनको निदेशालय से संबद्ध किए जाने को लेकर जिपंच में कई तरह की चर्चाएं हैं। दरअसल, एएमए जिला पंचायत सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह से लेकर मिनी कुंभ मेला ककोड़ा के आयोजन तक एएमए कई बार अपने व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर विवादों में भी आ चुके हैं। 12 जुलाई को जिला पंचायत सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एएमए सत्यपाल ने मीडिया कर्मियों से अच्छा व्यवहार नहीं किया था। उन्होंने मीडिया कर्मियों को हॉल से बाहर चले जाने को कह दिया था। इस पर मीडिया कर्मियों ने रोष जताया तो पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव ने प्रेसनोट जारी कर एमएए के व्यवहार के लिए मीडिया से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। 12 अक्तूबर को जिला पंचायत बोर्ड पहली बैठक के दौरान भी एएमए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
यह बोले-एएमए
मेरा मोबाइल चौबीस घंटे चालू रहता है। हर कॉल को रिसीव करता हूं अगर किसी कारण कोई कॉल रिसीव न हो सके तो वापस कॉल करता हूं। जेब में रखा मोबाइल किसी तरह से साइलेंट मोड में चला गया था। इस दौरान पंचायती राजमंत्री की कॉल आ गई। रिंग न बोलने के कारण मुझे मालूम नहीं हो सका। ऐसे में मैं पंचायती राज मंत्री की कॉल रिसीव नहीं कर सका। शासन ने मुझे मुख्यालय से संबद्ध किया है। अभी यहां का मैंने चार्ज नहीं छोड़ा है। - सत्यपाल, एएमए जिला पंचायत
शासन तक पहुंचा था मेला ककोड़ा आयोजन का मामला
बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा के आयोजन को लेकर भी एएमए की भूमिका पर कई बार सवाल उठे थे। हालांकि, शासन स्तर से मेला आयोजन की अनुमति मिलने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने पूरी भव्यता के साथ मेला आयोजन का आदेश दिया था। इसके बाद भी प्रशासनिक स्तर पर देरी होती रही। मेला आयोजन की मांग को लेकर एमएए, डीएम और मंडलायुक्त तक को ज्ञापन दिए गए। नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता और शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने लखनऊ में मेला आयोजन की मांग को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी से मुलाकात की। इसके बाद मेला की तैयारियां शुरू हुईं। हालांकि, जिला पंचायत की ओर से कम समय में मेला का आयोजन काफी भव्यता के साथ किया गया।
एएमए के तबादले के बारे में जानकारी नहीं है। वैसे जिला पंचायत ने पूरी भव्यता से मिनी कुंभ ककोड़ा का आयोजन कराया है। पहली बार हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा, सफाई कर्मचारियों का हेलिकॉप्टर में भ्रमण अपने आप में नजीर है। - वर्षा यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत