तहसील बार एसोसिएशन के चुने गए पदाधिकारियों का स्वागत करते साथी अधिवक्ता। संवाद
बिसौली। तहसील बार एसोसिएशन का चुनाव बृहस्पतिवार को गहमा-गहमी और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। देर शाम हुई मतगणना के बाद विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अल्ताफ हुसैन ने 83 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रेमपाल सिंह को 66 मत मिले। सचिव पद के लिए गजेंद्र यादव को 77 मत मिले, जबकि विवेक तिवारी को 70 मत प्राप्त हुए। कुल 150 अधिवक्ता मतदाताओं में से 149 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो मतदान के प्रति अधिवक्ताओं की जागरूकता दर्शाता है।
मतदान के बाद आए परिणामों में उपाध्यक्ष पद पर राकेश कुमार ने 95 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, वहीं राजीव कुमार सक्सेना को 53 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर अजीत यादव 102 मतों के साथ विजयी रहे, जबकि नवल किशोर शर्मा को 46 मत मिले।
सह सचिव पद के चुनाव में राजू कुमार ने 90 मत प्राप्त किए, जबकि रिंकू को 56 मत मिले। ऑडिटर पद पर राहुल शर्मा को 78 मत और अमित कुमार को 70 मत प्राप्त हुए। चुनाव परिणामों की घोषणा मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट दिनेश चंद्र शर्मा तथा सहायक चुनाव अधिकारियों में एडवोकेट प्राणभृत शर्मा, एडवोकेट कुलदीप यादव, एडवोकेट वीरपाल सिंह और एडवोकेट नन्दकिशोर राना ने संयुक्त रूप से की। परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूलमालाएं पहनाकर बधाई दी। मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।