शिकायती पत्र लेकर कलेक्टेट पर खड़ी महिलाएं। संवाद
सिलहरी। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव बरातेगदार निवासी गुड्डी देवी ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया है। प्रार्थनापत्र में कहा है कि जिला महिला अस्पताल में गर्भवती व प्रसूताओं को निःशुल्क भोजन व नाश्ता की व्यवस्था लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह बरातेगदार के समूह की कोषाध्यक्ष गुड्डी देवी करती आ रहीं हैं।
उनका आरोप है कि राजनीति रसूख रखने वाले कुछ लोग उनसे कैंटीन छीनना चाह रहे हैं, जबकि 2022 में हुए प्रस्ताव के बाद समूह की सभी महिलाओं ने उनको कैंटीन चलाने के लिए नामित किया हुआ है।
आरोप है कि उन्होंने फर्जी प्रस्ताव बनाकर खंड विकास अधिकारी सालारपुर से आदेश कराकर कैंटीन संचालक गुड्डी देवी के स्थान पर धनदेवी को नामित करा लिया है, जबकि गुड्डी देवी के पास कैंटीन संचालन का अस्पताल से 31 मार्च 2026 तक का एग्रीमेंट है। समूह की महिलाओं ने डीएम को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है। इस मौके पर हुस्नबानो, रामवती, शोभा, ममता, मीना, पूनम, गुड्डी आदि मौजूद रहीं।
खंड विकास अधिकारी नितिन कुमार का कहना है कि मामला जानकारी में है। तीन चार महीने पहले दूसरी महिला धनदेवी के नाम आदेश किया गया था। अगर महिला हमारे आदेश के बाद भी कैंटीन चला रही तो गलत है। संवाद