आसफपुर। गाड़ी को साइड न देना बरातियों को महंगा पड़ गया। कार सवार दबंग दो भाइयों ने बरातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
मामला थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के आसफपुर- शाहबाद मार्ग का है। बताया जा रहा है कि आसफपुर दिशा से बरात शाहबाद जिला रामपुर की तरफ जा रही थी। विपरीत दिशा से एक लग्जरी कार में सवार कुछ लोग आसफपुर की ओर आ रहे थे। रास्ते में अरिल नदी के पुल के पास लग्जरी कार सवार लोगों ने हॉर्न बजाया, लेकिन ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण साइड नहीं मिल सकी। कार सवार लोगों को यह नागवार गुजरा। गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने गाड़ी से उतरकर सामने बरात की गाड़ी में बैठे लोगों के साथ मारपीट शुरु कर दी।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर है। एक युवक के हाथ में पिस्टल है और दूसरे के हाथ में डंडा दिख रहा है। मामला बुधवार की रात का है, लेकिन वीडियो बृहस्पतिवार की देर रात सोशल साइड पर वायरल हुआ है। मारपीट के समय आसफपुर चौकी प्रभारी भी मौजूद थे, पुलिस के डंडे से बरातियों के साथ मारपीट करने से पुलिस पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। सीओ सुनील कुमार सिंह का कहना है ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर वीडियो वायरल हुआ है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।