बदायूं में राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धरना दिया। पदाधिकारियों ने जिले की गोशालाओं में लापरवाही और अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया। उन्होंने 15 सूत्री ज्ञापन डीसी एनआरएलएम रवि प्रकाश सिंह को सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
बदायूं में राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गोशालाओं में पशुपालन विभाग की लापरवाही और अनियमितताओं के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। संगठन के प्रांत महामंत्री पंकज गुप्ता ने मुख्य विकास अधिकारी को संबोधित 15 सूत्री शिकायती पत्र डीसी एनआरएलएम रवि प्रकाश सिंह को सौंपा।
विज्ञापन
ज्ञापन में सड़क पर घूम रहे गोवंशों को सुरक्षित कर हादसों को रोकने की मांग की गई। इसमें सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सूखे भूसे के साथ हरा चारा व चोकर देने पर जोर दिया गया। पशु चिकित्सकों का नियमित भ्रमण सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। बजरंग दल ने आरोप लगाया कि गोवंशों को बिना टैगिंग के रखा जा रहा है। मृत्यु होने पर टैग निकालकर सरकारी धन का गबन किया जा रहा है। संगठन ने सभी गोवंशों की टैगिंग, मृत्यु रजिस्टर, दवा व उपचार रजिस्टर और आय-व्यय के रिकॉर्ड गोशाला पर रखने की मांग की।
ये आरोप भी लगाए
बजरंग दल ने मानक से अधिक गोवंश भरने, भूसा बैंक न बनाने और सहभागिता योजना में गायब गोवंशों पर भी अनुदान लेने का आरोप लगाया। दुर्घटनाग्रस्त गोवंशों के उपचार में लापरवाही पर सवाल उठाए गए। संगठन ने इन अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर पशु क्रूरता और गबन की धाराओं में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान करन दक्ष, श्याम शर्मा, विकास सनातनी और दारा सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।