बदायूं। जिला कारागार में करीब दो माह से बंद 55 वर्षीय बंदी इकरार अहमद की शनिवार रात तबीयत बिगड़ने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में रविवार तड़के मौत हो गई।
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र निवासी मृतक के दामाद मो. आरिफ ने बताया कि बिनावर के गांव बिलहत निवासी उनके ससुर इकरार अहमद काफी समय से बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव में रह रहे थे। करीब दो माह पहले बिनावर थाना क्षेत्र में इकरार अहमद और उसके बेटे इस्लाम व इस्पाक के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जिला कारागार भेज दिया था। परिजन लगातार इकरार अहमद की जमानत कराने का प्रयास कर रहे थे।
इसी बीच रविवार को जिला कारागार में अचानक इकरार की तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान देर रात इकरार अहमद ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि बंदी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बंदी की मौत का कारण सेफ्टी सीमिया आया है।