बदायूं। बिल्सी में आयोजित रामलीला महोत्सव के दौरान रामलीला मंच पर अश्लील नृत्य कराए जाने का आरोप लगाते हुए सभासद उमेश बाबू वार्ष्णेय ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और मंच पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
प्रार्थना पत्र में उमेश बाबू वार्ष्णेय ने बताया कि रामलीला कमेटी बिल्सी की ओर से रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन से अनुमति ली गई है। आरोप है कि अनुमति की शर्तों में अश्लील नृत्य और कार्यक्रमों पर प्रतिबंध होने के बावजूद रामलीला मंच पर ऐसे कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। अश्लील नृत्य से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और लोगों में रोष है। इधर सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद