कादरचौक। थाना क्षेत्र में असरासी-रमजानपुर मार्ग पर चांदी की पुलिया के पास सोमवार रात अज्ञात बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक ककराला से बरात में दावत खाकर अपने घर लौट रहा था। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भमुईया निवासी अमन 25 पुत्र नन्हकू उर्फ सद्दिक सोमवार को बाइक से अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा ककराला में एक बरात में दावत खाने गया था। रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। असरासी-रमजानपुर मार्ग पर चांदी की पुलिया के पास अज्ञात बोलेरो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बोलेरो लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस को अमन सड़क किनारे मृत अवस्था में मिला। जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया। सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।