बदायूं/उझानी। पिछले दिनों मौसम की मार झेल चुके सब्जियों के राजा आलू पर बृहस्पतिवार का दिन काफी भारी रहा। पूर्वाह्न झमाझम बारिश फिर बीच-बीच में ओलावृष्टि ने आलू के साथ सरसों उत्पादकों के अरमानों पर भी पानी फेर दिया। दोनों फसलों के साथ शिमला मिर्च, टमाटर और मटर को करीब 30 फीसदी नुकसान के अनुमान बीच कई स्थानों पर सरसों की फसल भी खेतों में गिर गई।
तेज हवा तो बुधवार रात से ही चल रही थी लेकिन उस समय हवा के झोंकों को सरसों की फसल झेल गई। बृहस्पतिवार को बारिश के दौरान एक बार फिर हवा तेज हुई तो जिले के बिसौली, सहसवान, कादरचौक और बिल्सी क्षेत्रों समेत कटरी के गांवों में सरसों की फसल खेत में गिर गई। इसके अलावा ओलावृष्टि ने भी फसल को नुकसान पहुंचाया तो खेतों में बारिश का पानी भर जाने से आलू का कंद सड़ने की आशंका बढ़ गई।
इसी तरह सब्जी फसलों में टमाटर, शिमला मिर्च और मटर को भी नुकसान हुआ।
------------
गेहूं के लिए बारिश तो ठीक पर ओलावृष्टि ने बढ़ाई दिक्कत
गेहूं की फसल के लिए बारिश हालांकि मुफीद है लेकिन दोपहर बाद ओले पड़ने से पौधों को नुकसान पहुंचा है। एक-दो दिन में अगर फिर ओलावृष्टि हो गई तो भारी नुकसान हो सकता है।
--
यह बोले किसान
मौसम की मार का सबसे ज्यादा खामियाजा किसानों को ही भुगतना पड़ता है। बृहस्पतिवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण गेहूं के साथ सरसों और आलू की फसल को काफी नुकसान हुआ है।
-धर्मवीर सिंह
-
इस बार जिस तरह से गेहूं, आलू और सरसों की फसलों पर मौसम की मार पड़ी है, उसको देख कर नहीं लगता कि किसान इस नुकसान से उबर सकेगा। अब किसान के सामने कर्ज लेना ही एक रास्ता है।
-प्रहलाद सागर
-
जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह के बाद अब फरवरी के पहले सप्ताह में ही ओलावृष्टि और बारिश हो गई। खेतों में गेहूं और सरसों की फसल जमीन पर गिर गई है। फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
-परशुराम
-
मौसम की मार ने किसानों के अरमानों पर एक तरह से वज्रपात किया है। गेहूं, सरसों और आलू की फसलें ओलावृष्टि के कारण चौपट हो गई हैं। किसान को अब कर्ज लेकर काम चलाना होगा।
-राहुल मिश्रा
-
खेती के लिहाज से बृहस्पतिवार को मौसम काफी खराब रहा। कई स्थानों पर ओलावृष्टि की जानकारी मिली है। ओलावृष्टि से जहां भी फसलों को नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती लेकिन आलू और सरसों समेत अन्य फसलों में अगर बारिश का पानी भर गया हो तो उसकी निकासी की व्यवस्था कर ली जाए। बारिश का पानी अगर आलू के खेत में भरा रहा तो आलू सड़ सकता है।
- डॉ. संजय कुमार, कृषि वैज्ञानिक
--